बारिश से मुंबई में सड़क से लेकर हवाई यातायात तक प्रभावित; जलभराव से बुरे हुए हालात

मुंबई। मुंबई और उसके आसपास भारी बारिश से मंगलवार सुबह निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। कई जगहों पर लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी और कई जगहों पर यातायात जाम की स्थिति रही।
महाराष्ट्र में कई हिस्सों में बारिश से बुरा हाल है। मुंबई में तो हालात बद से बदतर हो गए हैं। शहर के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बीते दिन स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए थे। भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव की वजह से सड़क यातायात बुरे तरह प्रभावित हुए हैं। लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। मौसम की मार हवाई यातायात पर भी पड़ी है। इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस ने ट्वीट में लिखा, ‘मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के कई मार्गों पर जलभराव और यातायात धीमा हो गया है। इसके कारण परिचालन संबंधी चुनौतियां पैदा हुई हैं, जिससे प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है। हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है।
मुंबई में स्कूल और कॉलेज बंद
लगातार हो रही बारिश और आईएमडी की ओर से जारी ‘रेड अलर्ट’ की चेतावनी के मद्देनजर मुंबई में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और आसपास के शहरों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने भारी बारिश के मद्देनजर महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के सभी वरिष्ठ कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। यह आदेश पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कॉलेजों पर लागू होता है।
बारिश के कहर से राहत नहीं
मुंबई में भारी बारिश के एक दिन बाद मंगलवार को भी लोगों को बारिश के कहर से राहत नहीं मिली। कई सड़कें जलमग्न हो गईं। सुबह से ही यातायात बाधित रहा। लोकल ट्रेन सेवाओं में भी देरी हुई और बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस सेवाओं का मार्ग कुछ स्थानों पर परिवर्तित किया गया। बोरीवली, अंधेरी, सायन, दादर और चेंबूर सहित शहर के कई हिस्सों में रात भर भारी बारिश हुई। यहां सुबह भी बारिश जारी रही, जिसके कारण गांधी मार्केट सहित निचले इलाकों में जलभराव हो गया।