नाटो में शामिल नहीं होगा यूक्रेन, ट्रंप बोले..क्रीमिया वापस नहीं होगा

 नाटो में शामिल नहीं होगा यूक्रेन, ट्रंप बोले..क्रीमिया वापस नहीं होगा
वाशिंगटन। यूक्रेन का नाटो में शामिल होना भी संभव नहीं है। ये जानकारी ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा है। ट्रंप ने लिखा कि ‘यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की अगर चाहें तो रूस के साथ युद्ध तुरंत समाप्त कर सकते हैं या फिर वे लड़ाई जारी रख सकते हैं। याद कीजिए कि यह कैसे शुरू हुआ था। ओबामा की ओर से दिया गया क्रीमिया वापस नहीं मिलेगा (12 साल पहले बिना एक भी गोली चलाए) और यूक्रेन का नाटो में शामिल होना भी संभव नहीं है। कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं!’
व्हाइट हाउस में कई यूरोपीय नेताओं के साथ एक खास दिन
ट्रंप ने आगे कहा कि वह व्हाइट हाउस में कई यूरोपीय नेताओं के साथ एक खास दिन की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘इतने सारे यूरोपीय नेता एक साथ कभी नहीं मिले। उनकी मेजबानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है।’ एक अन्य पोस्ट में उन्होंने आगे कहा, ‘फर्जी खबरें यह कहेंगी कि राष्ट्रपति ट्रंप के लिए हमारे खूबसूरत व्हाइट हाउस में इतने सारे महान यूरोपीय नेताओं की मेजबानी करना एक बड़ी क्षति है। दरअसल, यह अमेरिका के लिए बहुत सम्मान की बात है।’
जेलेंस्की के साथ बैठक से पहले आई टिप्पणी
यह टिप्पणी सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को जेलेंस्की के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक से पहले आई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति के साथ शीर्ष यूरोपीय नेता और नाटो भी बैठक में शामिल होंगे। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और नाटो महासचिव मार्क रूट ने भी अपनी उपस्थिति की घोषणा की है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।