मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती गर्भवती बांग्लादेशी महिला फरार; अवैध रूप से रहने के आरोप में थी गिरफ्तार

 मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती गर्भवती बांग्लादेशी महिला फरार; अवैध रूप से रहने के आरोप में थी गिरफ्तार
मुंबई। भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार 21 वर्षीय गर्भवती बांग्लादेशी महिला मुंबई के जेजे अस्पताल से फरार हो गई। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला को इलाज के लिए जेल से जेजे अस्पताल लाया गया था। अधिकारी ने बताया कि रुबीना इरशाद शेख गुरुवार को एक कांस्टेबल को धक्का देकर सरकारी अस्पताल से फरार हो गई। उन्होंने बताया कि वह पांच महीने की गर्भवती है।
अधिकारी ने बताया कि वह एक बांग्लादेशी नागरिक है जिसे 5 अगस्त को नवी मुंबई में अवैध रूप से देश में रहने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। वह भायखला महिला जेल में बंद थी और बुखार, त्वचा संबंधी बीमारियों आदि के इलाज के लिए जेजे अस्पताल लाई गई थी। शेख पर भागने के लिए भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस पर पहले से ही पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम के तहत आरोप हैं। उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।