जल्द कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम

 जल्द कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम
जाने क्या कहा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने  
नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल सस्ता होने वाला है। ऐसा कहना है पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का। उन्होंने कहा है कि अगर कच्चे तेल की कीमत लंबे समय तक 65 डॉलर प्रति बैरल पर बनी रहती हैं, तो अगले 2-3 महीनों में पेट्रोल-डीजल के दाम में कटौती हो सकती है। ये बात पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में चल रही ‘ऊर्जा वार्ता 2025’ में कही है।
जाने क्या कहा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने
उन्होंने कहा कि अगर कोई बड़ा भू-राजनीतिक घटनाक्रम, जैसे ईरान-इजराइल तनाव होता है, तो स्थिति बदल सकती है। तेल की कीमतें हाल 65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं, जिससे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का मुनाफा बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने पर विचार कर रही है। बता दें कि तेल कंपनियों को पेट्रोल पर प्रति लीटर 12-15 रुपये और डीजल पर 6.12 रुपये का लाभ हो रहा है।
सरकार कितना टैक्स लेती है?
केंद्र सरकार पेट्रोल पर 21.90 रुपये टैक्स लेती है। दिल्ली की सरकार 15.40 रुपये वैट लेती है। कुल टैक्स 37.30 रुपये लीटर हो गया। डीजल पर केंद्र सरकार 17.80 रुपये प्रति लीटर टैक्स लेती है और दिल्ली सरकार वैट के रूप में 12.83 रुपये लीटर। दोनों को मिलाकर कुल टैक्स 30.63 रुपये लीटर हो जाता है। देश में हर महीने हर व्यक्ति की पेट्रोल की खपत औसतन 2.80 लीटर और डीजल की 6.32 लीटर/माह है। मतलब वह पेट्रोल पर हर माह 104.44 रुपये और डीजल 193.58 रुपये हर माह टैक्स देता है। दोनों को मिलाकर प्रति महीने 298 रुपये है।
देश में सबसे महंगा पेट्रोल
देश में सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश में बिक रहा है। आंध्र प्रदेश में एक लीटर पेट्रोल 108 रुपए प्रति लीटर है। इसके बाद केरल में 107 रुपए/लीटर, मध्य प्रदेश में 106 रुपए/लीटर और बिहार में 105 रुपए लीटर है। आंध्र प्रदेश में डीजल की कीमत 96 रुपए/लीटर है।