विकसित कृषि संकल्प अभियान रुकेगा नहीं, अब हर जिले में नोडल एजेंसी बनाएंगे: शिवराज सिंह चौहान

NIMMI THAKUR
नई दिल्ली, 18 जून 2025 –
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट किया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान की सफलता के बावजूद यह अभियान अब रुकेगा नहीं, बल्कि और तेज़ी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों की 2170 टीमों ने देशभर के 1.42 लाख से अधिक गांवों में जाकर 1.34 करोड़ किसानों से सीधा संवाद किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब हर जिले में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) को नोडल एजेंसी के रूप में एक टीम की तरह गठित किया जाएगा जो किसानों के हित में कार्य करेगी। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि स्वयं वे हर सप्ताह दो दिन खेतों में किसानों के बीच जाएंगे, और वैज्ञानिकों को भी सप्ताह में तीन दिन फील्ड विज़िट करनी होगी।अमानक बीज और कीटनाशकों पर रोक के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
रबी फसलों के लिए पुनः “विकसित कृषि संकल्प अभियान” चलाया जाएगा।
“वन नेशन, वन एग्रीकल्चर, वन टीम” की अवधारणा पर काम।
ICAR से प्रत्येक राज्य के लिए एक नोडल अफसर नियुक्त होगा।
सोयाबीन, कपास, गन्ना, दलहन, तिलहन पर अलग-अलग अभियान।
आकांक्षी जिलों व सीमावर्ती गांवों पर विशेष ध्यान।
चौहान ने कहा कि इस अभियान से किसानों के बीच वैज्ञानिक चेतना आई है। किसान स्वयं नवाचार कर रहे हैं और उनकी बातों को अनुसंधान व नीति निर्माण में सम्मिलित किया जाएगा। उन्होंने ICAR व कृषि विभाग को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में कृषि क्षेत्र में 40% उत्पादन वृद्धि हुई है।
“खेती को लाभकारी बनाना, पोषणयुक्त अन्न व फलों की सुनिश्चितता और भारत को विश्व का फूड बास्केट बनाना हमारा संकल्प है।” – शिवराज सिंह चौहान
प्रेस वार्ता में कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी और ICAR महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट भी उपस्थित रहे।