कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी का अनुमान, ओडिशा-छत्तीसगढ़ में मानसून की धमक

 कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी का अनुमान, ओडिशा-छत्तीसगढ़ में मानसून की धमक
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मानसून पहुंचने के साथ
कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने ओडिशा में अगले चार से पांच दिन तक भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा, अगले चार दिनों के दौरान पश्चिमी तट (केरल, कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और गोवा) में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
देश में मानसून तेजी से बढ़ रहा है। पूरे दक्षिण भारत, आंशिक मध्य भारत और पूर्वोत्तर के बाद बुधवार को मानसून छत्तीसगढ़ और ओडिशा में पहुंच गया। दोनों राज्यों में 12 और 13 दिन पहले मानसून के पहुंचने के साथ कई जिलों में तेज बारिश हुई। लेकिन राजस्थान सहित कई हिस्सों में अभी गर्मी और उमस से लोगों को निजात नहीं मिल रही है। शिमला में बारिश के साथ ओले गिरे, लेकिन ऊना में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया।
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मानसून के समय से पहले पहुंचने के साथ ही अब 17 राज्यों में इसने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने ओडिशा में अगले चार से पांच दिन भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से पर निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में डिप्रेशन में केंद्रित होने की संभावना है। 30 मई तक पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी से भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान पश्चिमी तट (केरल, कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और गोवा) में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र के मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ में जबर्दस्त बारिश जारी है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, भारी बारिश के कारण बदलापुर, उल्हासनगर, कल्याण, डोंबिवली और ठाणे के अलग-अलग इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है।