पाक समर्थकों पर असम में शिकंजा, मणिपुर में 12 उग्रवादी और दो हथियार डीलर पुलिस गिरफ्त में

 पाक समर्थकों पर असम में शिकंजा, मणिपुर में 12 उग्रवादी और दो हथियार डीलर पुलिस गिरफ्त में
गोवाहाटी। पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर अब तक असम में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 58 हो गई है। ये सभी पाक समर्थित लोग हैं। ये जानकारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी है। सीएम सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हाल ही में गिरफ्तार किए गए दो व्यक्ति सोनितपुर जिले के हैं। उन्होंने कहा, ’58 पाकिस्तानी समर्थक सलाखों के पीछे हैं। उन्हें उनकी राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के लिए भी विशेष देखभाल मिलेगी।’ सीएम सरमा ने कहा कि ‘देशद्रोहियों’ के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई जारी रहेगी और ‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा’।
मुख्यमंत्री ने पिछले सप्ताह यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के प्रावधान लगाए जाएंगे। इससे पहले, विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम को कथित तौर पर पाकिस्तान का बचाव करने और पहलगाम आतंकी हमले में उसकी मिलीभगत के लिए देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने मणिपुर के कई जिलों से प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 12 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के चार कार्यकर्ता, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के दो सदस्य और कांगली यावोल कन्ना लूप के एक सदस्य को टेंग्नौपाल जिले के योंगखुल गांव के पास से गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो सदस्यों को थौबल के लिलोंग नुंगेई और वांगबल से गिरफ्तार किया गया और पीआरईपीएके के दो कार्यकर्ताओं को इंफाल ईस्ट के कोइरेंगेई काबुई खुल गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को सुरक्षा बलों ने तीन हथियार डीलरों को भी पकड़ा, जिसमें प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई समूह) का एक सक्रिय कैडर भी शामिल है, जो इंफाल ईस्ट के पुहखाओ अहलुप माखा लेईकाई से है। अधिकारी ने बताया कि उनके पास से एक राइफल और गोला-बारूद बरामद किया गया।