आईएमएफ ने भारत की 7.8% विकास दर को सही माना, अर्थव्यवस्था की मजबूती की सराहना
Political Trust Magazine
नई दिल्ली-भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर को सही माना है। उन्होंने कहा कि वैश्विक झटकों, ऊर्जा संकट, युद्ध और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती और लचीलापन दिखाया है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सेवा, विनिर्माण और व्यापार के क्षेत्र में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में रूस, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, चीन और ईरान जैसे प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों की भागीदारी भारत की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और प्रभाव को दर्शाती है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सवाल उठा रहे हैं कि ब्रिक्स से भारत को क्या मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान 2011, 2012 और 2013 में भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ जैसी श्रेणी में रखा गया था। उस समय निवेश में कमी, महंगाई, नीतिगत ठहराव और आर्थिक चुनौतियों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जताई गई थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक बदहाली से निकलकर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत ब्रिक्स में एक ‘ब्राइट स्पॉट’ के रूप में उभरा है और दुनिया भारत की अर्थव्यवस्था को उम्मीद और विश्वास के साथ देख रही है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ब्रिक्स केवल राष्ट्राध्यक्षों की बैठक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होती है। उन्होंने कांग्रेस के सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में अर्थव्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई, जबकि मोदी सरकार ने इसे मजबूत किया और वैश्विक स्तर पर भारत की आर्थिक पहचान को नई ऊंचाई दी।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत आज न केवल तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को स्थिरता देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।http://Politicaltrust.in
