गुलज़ार सिंह मामले को लेकर भाजपा का भगवंत मान सरकार पर हमला, मुख्यमंत्री और मंत्री हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार और सरकार की कथित निष्क्रियता पर सवाल उठाए। उन्होंने संगरूर के गुलज़ार सिंह की मौत का मामला उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और मंत्री हरपाल सिंह चीमा से इस्तीफे की मांग की।
गौरव भाटिया ने कहा कि गुलज़ार सिंह ने मंत्री हरपाल सिंह चीमा के सामने अपने बेटे के चिट्टा लेने की शिकायत करते हुए कार्रवाई और पंजाब के युवाओं को बचाने की गुहार लगाई थी। आरोप है कि इसके बाद उन्हें धमकाया और प्रताड़ित किया गया। गुलज़ार सिंह ने कथित तौर पर एक वीडियो बनाकर चार लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया और बाद में अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गुलज़ार सिंह के वीडियो को डाइंग डिक्लेरेशन के तौर पर देखा जाना चाहिए और मामले में एससी-एसटी एक्ट तथा बीएनएस की धारा 108 के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एक पिता खुले तौर पर अपने बेटे के चिट्टा लेने की बात कह रहा है, तो पंजाब सरकार का नशामुक्ति को लेकर किया जा रहा दावा सवालों के घेरे में आता है।
भाटिया ने पंजाब सरकार पर नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मोहनजीत सिंह शेरो की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा करनी चाहिए, न कि उन्हें प्रताड़ित करना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या गंभीर है और मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा मंत्री हरपाल सिंह चीमा को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।http://Politicaltrust.in
