NBCC की कमाई को लगा ‘बूस्टर’, पहली तिमाही में PAT 32% और EBITDA 62% उछला
Nimmi Thakur
नई दिल्ली- सार्वजनिक क्षेत्र की निर्माण कंपनी NBCC (India) Limited ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा और ऑपरेशनल प्रदर्शन दोनों मजबूत रहे। स्टैंडअलोन आधार पर EBITDA में 62.05 प्रतिशत, PBT में 32.09 प्रतिशत और PAT में 32.06 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि दर्ज की गई।
NBCC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने मंगलवार को 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का ऑपरेशंस से राजस्व 1,823.04 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 1,656.77 करोड़ रुपये था।
कंपनी का स्टैंडअलोन EBITDA 98.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 159.89 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कंसोलिडेटेड आधार पर EBITDA 111.46 करोड़ रुपये से बढ़कर 154.95 करोड़ रुपये रहा। इसके साथ ही स्टैंडअलोन EBITDA मार्जिन बढ़कर 8.77 प्रतिशत पहुंच गया, जबकि कंसोलिडेटेड EBITDA मार्जिन 6.86 प्रतिशत रहा।
मुनाफे की बात करें तो स्टैंडअलोन आधार पर PBT 153.13 करोड़ रुपये से बढ़कर 202.27 करोड़ रुपये और PAT 114.08 करोड़ रुपये से बढ़कर 150.65 करोड़ रुपये हो गया। कंसोलिडेटेड आधार पर PBT 212.79 करोड़ रुपये और PAT 158.01 करोड़ रुपये रहा।
NBCC के मुताबिक, कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक और कारोबार में विविधता उसकी विकास रणनीति की अहम ताकत बनी हुई है। रीडेवलपमेंट एवं PMC वर्क्स, PSU लैंड मोनेटाइजेशन, रियल एस्टेट डेवलपमेंट और विदेशी विस्तार पर कंपनी का फोकस बना हुआ है। कंपनी को उम्मीद है कि इन क्षेत्रों के जरिए वह आगे भी अपनी विकास रफ्तार को बनाए रखेगी और हितधारकों के लिए लगातार मूल्य सृजित करेगी।http://Politicaltrust.in
