रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, मुख्यमंत्री धामी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शुभारंभ; सांसद अनिल बलूनी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

 रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, मुख्यमंत्री धामी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शुभारंभ; सांसद अनिल बलूनी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

Political Trust Magazine 
देहरादून/रामनगर। उत्तराखंड को शनिवार को एक बड़ी रेल सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन चलने वाली इस नई रेल सेवा को कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क, विकास और अवसरों की नई जीवनरेखा बताया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि रामनगर से देहरादून तक चलने वाली यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए संचालित होगी, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को भी सीधी और सुगम रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों को विशेष लाभ होगा।
मुख्यमंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, प्रदेश को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है तथा वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे देश के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगी और यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने इसे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को जोड़ने के लिए 20 नई एवं विस्तारित नियमित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं तथा राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने इसे रामनगर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलेगी तथा आम लोगों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी। उन्होंने कहा कि इससे रामनगर आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधायक अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। नई रेल सेवा से उत्तराखंड में रेल संपर्क को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।http://Politicaltrust.in