मेरठ में हाईवे पर संचालित होटलों की आड़ में सेक्स रैकेट, 8 महिलाओं को कराया मुक्त
- उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
Political Trust
- May 23, 2026
- 0
- 45
- 1 minute read
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में हाईवे के किनारे संचालित होटलों की आड़ में चल रहे ‘काले कारनामों’ के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। जानी थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर मेरठ-बागपत रोड पर स्थित होटल “टाउन एण्ड रेस्टोरेंट” (Hotel Town & Guest House) और बाईपास स्थित ओयो होटलों में चल रहे एक बड़े अंतरराज्यीय अनैतिक देह व्यापार रैकेट का सनसनीखेज भंडाफोड़ किया है। पुलिस की अचानक हुई इस छापेमारी से हाईवे पर स्थित होटलों में हड़कंप मच गया और भगदड़ की स्थिति बन गई। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर जनपद भर में अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी (CO) सरधना आशुतोष कुमार के पर्यवेक्षण में जानी थाना प्रभारी गौरव कुमार विश्नोई को मुखबिर से एक सटीक इनपुट मिला कि बागपत मार्ग पर एपेक्स सिटी के पास स्थित होटल “टाउन एण्ड रेस्टोरेंट” में बाहर से युवतियों को लाकर, उन्हें बंधक बनाकर और उनकी इच्छा के खिलाफ जबरन जिस्मफरोशी के धंधे में धकेला जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने एएचटीयू की टीम को साथ लिया और सादे कपड़ों में पुलिस फोर्स भेजकर पूरे होटल की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने जब कमरों के दरवाजे खुलवाए तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। पुलिस ने मौके से उनकी इच्छा के विरुद्ध इस दलदल में धकेली गईं 8 पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मौके से देह व्यापार के इस सिंडिकेट को चलाने वाले चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश शर्मा उर्फ अनुज कुमार (निवासी सरस्वती विहार, रोहटा रोड, थाना टीपी नगर, मेरठ), विशु और अंश (दोनों निवासी ग्राम भड़ल, थाना दोघट, जिला बागपत) और साहिब (निवासी मोहल्ला किला खेवान, कस्बा सरधना, मेरठ) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी और होटल संचालक आकाश शर्मा की जब अमली जामा तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी इसी पिस्टल के दम पर युवतियों को डरा-धमकाकर बंधक बनाकर रखते थे।
