कोर्ट के आदेश पर आरोपी को पकड़ने गई उत्तराखंड पुलिस टीम पर जानलेवा हमला
- उत्तराखण्ड राष्ट्रीय
Political Trust
- May 18, 2026
- 0
- 22
- 1 minute read
ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने केस दर्ज कर अग्रिम विधि कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जसपुर कोतवाली के पतरामपुर चौकी की पुलिस टीम शुक्रवार देर रात भोगपुर डाम नंबर-2 गांव में आबकारी अधिनियम के तहत वांटेड चल रहे गैर-जमानती वारंटी सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस ने जैसे ही सुखविंदर सिंह को उसके घर के आंगन से हिरासत में लिया और गिरफ्तारी मेमो तैयार करना शुरू किया, तभी उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के मुताबिक, शोर सुनते ही वारंटी की मां शिलो कौर, पत्नी मंजीत कौर, भाई मंगत सिंह, चचेरा भाई संदीप सिंह, राजू सिंह और जगपाल सिंह उर्फ जस्सा मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों और धारदार पाठल से लैस थे। दरोगा गोविंद सिंह मेहता ने जब आरोपियों को कोर्ट का वारंट दिखाकर सरकारी कार्रवाई में बाधा न डालने को कहा तो परिजन और भड़क गए। आरोपियों ने पुलिस टीम को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान शिलो कौर ने पुलिसकर्मियों के हाथ से कोर्ट का वारंट छीनने की कोशिश की, जिससे कागज फट गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दरोगा और सिपाही के साथ अभद्रता की। आरोप है कि संदीप सिंह ने पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। दोनों पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन हमले में वे घायल हो गए। हमलावरों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी तक नहीं छोड़ी। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि घायल पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए गांव से भागना पड़ा।
