एटीएम कैश वैन लूट के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

 एटीएम कैश वैन लूट के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 6 मई को हुई ‘इंडिया वन’ एटीएम कैश वैन की 27 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने मंगलवार रात एनकाउंटर में अंत कर दिया। वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान डकैती का मास्टरमाइंड जुबैर और उसका साथी समीर पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारे गए। दोनों बदमाशों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ और डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि बदमाशों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पिछले 6 महीनों से जाल बिछा रखा था। आरोपियों ने यूट्यूब के जरिए लूट के तरीके और पुलिस से बचने के पैंतरे सीखे थे। 6 मई को जब कैश वैन का गार्ड और अन्य कर्मचारी क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एटीएम में कैश डालने गए, तभी बदमाशों ने ड्राइवर तेजभान को बंधक बनाकर वैन लूट ली थी। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने वैन में लगे सीसीटीवी और डीवीआर को कुल्हाड़ी से नष्ट कर दिया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाश स्विफ्ट कार से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में 15 से ज्यादा राउंड गोलियां चलीं। पुलिस ने मौके से 9 लाख 10 हजार रुपये कैश, दो पिस्टल, दो तमंचे और लूट में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की है। मारे गए दोनों बदमाश विजयनगर इलाके के रहने वाले थे। जुबैर वहां बांस-बल्ली की दुकान चलाता था।