पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर महोबा में सपा सांसद के खिलाफ एफआईआर
- दिल्ली राष्ट्रीय
Political Trust
- May 12, 2026
- 0
- 36
- 1 minute read
महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा में समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की शिकायत पर कोतवाली नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में सांसद और उनके समर्थकों पर बिना अनुमति कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव करने, यातायात बाधित करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।एफआईआर के अनुसार, यह घटना 11 मई को दोपहर करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच की बताई गई है। शिकायतकर्ता सत्येंद्र प्रताप गुप्ता ने आरोप लगाया कि हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी क्षेत्र से सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपने समर्थकों के साथ बिजली विभाग से जुड़े ज्ञापन को लेकर रामकुंड मंदिर से कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान बिना अनुमति प्रदर्शन और घेराव किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। आम लोगों और सरकारी कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत में कहा गया है कि प्रदर्शन के कारण कलेक्ट्रेट परिसर में करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आम नागरिक, जो अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे, वे अपने काम समय पर नहीं कर सके। सरकारी कर्मचारियों के कार्य भी प्रभावित हुए। इसी दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सांसद ने प्रधानमंत्री को ‘देश विरोधी’ कहा, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं और जातिगत वैमनस्य फैलाने की स्थिति पैदा हुई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) लगाई गई हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवम पांडेय को सौंपी गई है। एफआईआर 12 मई को रात 2:05 बजे कोतवाली नगर थाना, महोबा में दर्ज की गई। एफआईआर में अजेंद्र सिंह लोधी के साथ कुछ अज्ञात समर्थकों का भी जिक्र किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना से जुड़े वीडियो, बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। http://Politicaltrust.in
