ओडिशा में GRP कांस्टेबल हत्या मामले में एसआई सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित

 ओडिशा में GRP कांस्टेबल हत्या मामले में एसआई सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित
ओडिशा। जीआरपी कांस्टेबल की हत्या के मामले में एक एसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, पीसीआर में तैनात दो होम गार्ड्स की सेवा समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई, जब कुछ ही घंटे पहले ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने मामले की आधिकारिक जांच शुरू की। एक दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे।
एक महिला ने सात मई को कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन (32) पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया था, जिसके बाद भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में भीड़ ने उन्हें जमकर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। स्वैन के परिजनों का दावा है कि महिला झूठ बोल रही है और उन्होंने उसके पॉलीग्राफ परीक्षण की मांग की है। उधर, अपराध शाखा ने इस संबंध में दर्ज दो मामलों की जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। एक टीम महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप की जांच कर रही है, जबकि दूसरी टीम पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले की जांच कर रही है। अपराध शाखा के एसपी अनिरुद्ध राउत्रे और डीएसपी रत्नप्रवा सतपथी की निगरानी में दोनों टीमों ने जांच शुरू कर दी है।