चौराहे का नाम टीपू सुल्तान या बजरंगबली रखने को लेकर दो पक्षों में बवाल

 चौराहे का नाम टीपू सुल्तान या बजरंगबली रखने को लेकर दो पक्षों में बवाल
कड़पा। आंध्र प्रदेश के कड़पा जिले में अलमास पेट चौराहे का नाम बदलने को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पथराव में पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए। तनाव बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और मामला शांत करवाया। प्रशासन ने बाद में  निषेधाज्ञा लागू कर दी, जिसके बाद से स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव बरकरार है। पुलिस के अनुसार, एक समुदाय के सदस्य चाहते थे कि चौराहे का नाम मैसूर साम्राज्य के पूर्व शासक टीपू सुल्तान के नाम पर रखा जाए, जबकि दूसरे वर्ग ने बजरंगबली के नाम पर नामकरण की मांग की थी। इस बात को लेकर प्रदर्शन हुए जो कुछ देर बाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर ईंट- पत्थर, लाठियां और बोतलें चलीं। हालात पर काबू करने पहुंचे सर्कल इंस्पेक्टर नरसिम्हा राजू के सिर पर गंभीर चोट आई है।