दिल्ली पुलिस ने कथित4 यूट्यूबर सलीम वास्तिक को किया गिरफ्तार, पहचान छिपाकर रह रहा था
गाजियाबाद। दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद से कथित यूट्यूबर सलीम वास्तिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सलीम वास्तिक नाम बदलकर और अपनी पहचान छिपाकर पिछले कई वर्षों से गाजियाबाद में रह रहा था। उसके खिलाफ दिल्ली में अपहरण, रंगदारी और हत्या के एक पुराने मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी का असली नाम सलीम खान पुत्र नूरहसन बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के नानूपुरा गांव का निवासी है। बताया जाता है कि वर्ष 1995 में दिल्ली के गोकलपुरी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्चे के कथित अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में रंगदारी मांगने और बाद में हत्या की बात भी सामने आई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
जानकारी के अनुसार वर्ष 1997 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन वर्ष 2000 में जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। इसके बाद से ही वह लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा और अलग अलग जिलों शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद में छिपकर रहने की बात सामने आ रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि शनिवार सुबह गाजियाबाद स्थित उसके आवास से उसे गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतने लंबे समय तक वह कैसे पहचान से बचता रहा और किन किन स्थानों पर उसकी गतिविधियां रही हैं।
इसी बीच सलीम वास्तिक पिछले दिनों एक कथित हमले को लेकर भी चर्चा में आया था। जानकारी के अनुसार लगभग दो महीने पहले उस पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं। बताया गया कि उस हमले के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में शामिल हमलावरों की भी बाद में अलग घटना में मौत हो गई थी।
फिलहाल पुलिस सलीम वास्तिक से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खंगाली जा रही हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई अदालत के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
