दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत

 दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत

शामली। जिले में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। बाबरी इंटरचेंज के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसा थानाभवन क्षेत्र के हसनपुर लुहारी के पास बाबरी कट पर शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे हुआ। जानकारी के अनुसार हरड़ फतेहपुर निवासी 32 वर्षीय राजू अपने दोस्तों हिरनवाड़ा निवासी 40 वर्षीय बिट्टू उर्फ राजेंद्र पुत्र ओमबीर और सुभाष पुत्र रणवीर के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।जैसे ही उनकी बाइक बाबरी कट के पास पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार बाइक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। वहीं ग्रामीणों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस के समझाने पर लोग शांत हो गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तीनों दोस्तों में थी गहरी दोस्ती

परिजनों के अनुसार राजू, राजेंद्र और सुभाष के बीच गहरी दोस्ती थी। तीनों अक्सर साथ ही शादी और अन्य कार्यक्रमों में जाते थे। इलाके में उनकी दोस्ती की मिसाल दी जाती थी। तीनों की एक साथ मौत की खबर से गांव और परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।