टिहरी में पिकअप वाहन गहरी खाई में गिरा, 8 लोगों की मौके पर मौत, दो गंभीर

 टिहरी में पिकअप वाहन गहरी खाई में गिरा, 8 लोगों की मौके पर मौत, दो गंभीर
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी में चंबा-कोटी रोड पर नैल के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2 लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गांव में परसा मातम
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार गए थे। वे वहां अपने एक परिजन का अंतिम संस्कार (अन्त्येष्टि) कर वापस लौट रहे थे। घर पहुँचने से पहले ही काल ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। इस खबर के बाद से पीड़ित परिवार के गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) और फायर सर्विस की टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुट गईं। इलाका काफी दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जवानों ने गहरी खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को तत्काल जिला अस्पताल टिहरी में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसा चारधाम यात्रा मार्ग के समीप हुआ है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्वतीय मार्गों पर मोड़ और सड़कों की स्थिति की लगातार निगरानी जरूरी है। जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन को घायलों की हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं।