घर का नजारा देख आईआरएस दंपत्ति के उड़े होश, ऑनलाइन गेमिंग ने होनहार छात्र को बनाया हैवान

 घर का नजारा देख आईआरएस दंपत्ति के उड़े होश, ऑनलाइन गेमिंग ने होनहार छात्र को बनाया हैवान
Political Trust Magazine 
नई दिल्ली। आईआरएस अधिकारी और उनकी पत्नी बुधवार सुबह करीब 8 बजे जिम से अपने घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खोला अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बेटी फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। दंपती ने बिना देर किए बेटी को उठाया और अपनी कार में डालकर उसे ओखला स्थित फोर्टिस एस्कोर्ट अस्पताल ले गए। सुबह करीब 8.49 बजे अस्पताल से ही पुलिस को खबर दी गई। पुलिस की एक टीम अस्पताल व दूसरी टीम कैलाश हिल स्थित उनके घर पहुंची। पुलिस वहां पहुंची तो घर का नजारा देखकर उनके भी रोंगटे खड़े गए। घर में चारों ओर खून बिखरा पड़ा था। घर में दूर तक खून के छींटे फैले थे।
पुलिस उपायुक्त, संयुक्त आयुक्त और विशेष आयुक्त भी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम व एफएसएल की टीम भी वहां पहुंच गई। पीड़ित का परिवार तीसरे तल पर रहता था। घर में अंदर मेन लॉबी से युवती के कमरे का रास्ता जाता है। करीब सात-आठ स्टेप चढ़ने के बाद युवती का कमरा थोड़ी हाइट पर मौजूद है।
फॉरेंसिक की टीम अंदर पहुंची तो टीम को वहां से एक टूटा हुआ लैंप और पानी की बोतल खून से लथपथ मिली। इसके अलावा फर्श व बिस्तर पर भी खून बिखरा मिला। देखने से पता चल रहा था कि वह उनकी बेटी को घसीटता हुआ सीढ़ियों से नीचे लाया था, उसके निशान भी सीढ़ियों पर मिले।
अल्मारी के पास ही युवती का शव मिला। पुलिस सूत्रों ने कहा कि वारदात के बाद आरोपी ने अपने हाथ-पैर और मुंह बाथरूम में जाकर धोए। इसके बाद कैश, जेवरात और अन्य सामान को बैग में डालकर आरोपी वहां से निकल गया। जाते समय उसने कोई जल्दबाजी भी नहीं दिखाई।
सीसीटीवी फुटेज में वह बड़े आराम से घर से निकलता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर उसके आने-जाने का रूट खंगाला। बाद में फुटेज को सबूत के तौर पर कब्जे में लेकर फ्रीज कर दिया गया है।
हत्यारोपी के पढाई में टॉपर
दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने वाले आरोपी राहुल मीणा पढाई में टॉपर है। उसके 10वीं में 76 और 12वीं में 90 प्रतिशत अंक थे। जब उसने 12वीं पास की तो वह ऑनलाइन गेमिंग में खेलने लगा और इसके दलदल में वह फंस गया। इसकी लत राहुल पर इस कदर हावी हुई कि वह लाखों रुपये का कर्ज लेकर भी गेम खेलता रहा। इसी लत ने उसे होनहार छात्र से हैवान बना दिया।