जर्मन के गुरुद्वारा में सिख समुदाय के दो गुटों में दानपेटी के विवाद को लेकर हिंसा

 जर्मन के गुरुद्वारा में सिख समुदाय के दो गुटों में दानपेटी के विवाद को लेकर हिंसा
बर्लिन। सात समंदर पार जर्मनी के डुइसबर्ग शहर से सिख समुदाय को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के एक गुरुद्वारे में शांति और सेवा की जगह हिंसा ने ले ली। गुरुद्वारे की दान पेटी (गोलक) के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते गुरु घर के भीतर ही युद्ध का मैदान बन गया। इस हिंसक झड़प में 11 लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, विवाद गुरुद्वारे की नई मैनेजमेंट द्वारा गोलक के पुराने हिसाब-किताब को सार्वजनिक करने की मांग से शुरू हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रबंधन और संगत के कुछ लोगों के बीच तीखी बहस हो रही थी, जो अचानक मारपीट में तब्दील हो गई। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पवित्र परिसर के भीतर अफरा-तफरी मची है और लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं।
कृपाण चली, आँखों में छिड़का स्प्रे
घटना इतनी हिंसक थी कि पवित्रता की मर्यादा भी तार-तार हो गई। आरोप है कि संघर्ष के दौरान एक व्यक्ति ने कृपाण निकालकर हमला कर दिया। कुछ चश्मदीदों ने यह भी दावा किया है कि माहौल बिगाड़ने के लिए लोगों की आँखों में मिर्च या केमिकल स्प्रे मारा गया। वहीं, कुछ अपुष्ट खबरें फायरिंग की भी आ रही हैं, हालांकि स्थानीय पुलिस ने अभी तक गोलीबारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।