स्मार्ट मीटर को लेकर शासन का बड़ा फैसला, अगले आदेश तक नहीं लगाए जाएंगे प्रीपेड मीटर

 स्मार्ट मीटर को लेकर शासन का बड़ा फैसला, अगले आदेश तक नहीं लगाए जाएंगे प्रीपेड मीटर
गाजियाबाद। स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार हो रहे विरोध के बीच उत्तर प्रदेश शासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए पुराने बिजली उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड मीटर लगाने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है।
Ghaziabad में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार अब अगले आदेश तक पुराने उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 12 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 2 लाख उपभोक्ताओं के यहां पहले ही स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। हालांकि अब नई नीति के तहत केवल नए बिजली कनेक्शन लेने वालों के यहां ही स्मार्ट मीटर लगाया जाएगा।
मुख्य अभियंता के अनुसार स्मार्ट मीटर को लेकर कुछ तकनीकी समस्याओं और उपभोक्ताओं की शिकायतों के मद्देनजर सरकार ने एक चार सदस्यीय कमेटी गठित की है, जो पूरे मामले की जांच करेगी और रिपोर्ट सौंपेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर जो नकारात्मक प्रचार और भ्रम फैलाया जा रहा है, वह पूरी तरह सही नहीं है। विभाग का दावा है कि यह प्रणाली भविष्य में उपभोक्ताओं के लिए अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक होगी।
फिलहाल शासन के इस निर्णय के बाद उपभोक्ताओं को अस्थायी राहत मिली है, वहीं जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद आगे की नीति तय की जाएगी।