वेनेजुएला में अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों के खिलाफ बड़ा आंदोलन तेज

 वेनेजुएला में अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों के खिलाफ बड़ा आंदोलन तेज
Political Trust Magazine 
वेनेजुएला। वेनेजुएला में अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों के खिलाफ बड़ा आंदोलन तेज हो गया है। देशभर में रैलियां और मार्च निकाले जा रहे हैं, जिनका मकसद अमेरिका से लगे प्रतिबंध हटवाना है। इस अभियान का नेतृत्व नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज कर रहे हैं।
सैन फेलिक्स के सेरो एल गैलो में आयोजित रैली में रोड्रिगेज ने कहा, ‘हमें प्रतिबंधों को समाप्त करना होगा।’ उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आम सहमति बनाना और आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के लिए दबाव बनाना है, और वेनेजुएलावासियों से मतभेदों को भुलाकर साझा हितों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
कार्यवाहक राष्ट्रपति ने की थी आंदोलन की शुरुआत
यह राष्ट्रीय आंदोलन 19 अप्रैल से शुरू हुआ था, जिसकी शुरुआत कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने की। इसके तहत ज़ुलिया, ताचिरा और अमेजोनास जैसे कई राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि पिछले लगभग 10 वर्षों से लगे प्रतिबंधों का सबसे ज्यादा असर आम जनता, खासकर बच्चों पर पड़ा है। उनके मुताबिक, इस दौरान पैदा हुए लाखों बच्चों को बुनियादी सुविधाओं और बेहतर जीवन के मौके नहीं मिल पाए। यह अभियान पूरे देश में रैलियों, सभाओं और जनसभाओं के रूप में चल रहा है और इसका समापन 1 मई को राजधानी काराकास में एक बड़ी रैली के साथ होगा।