भारत का विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार बढ़त,फॉरेक्स रिजर्व 3.825 अरब डॉलर बढ़कर 700.946 अरब

 भारत का विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार बढ़त,फॉरेक्स रिजर्व 3.825 अरब डॉलर बढ़कर 700.946 अरब
Political Trust Magazine
नई दिल्ली। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार बढ़त देखने को मिल रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में देश का फॉरेक्स रिजर्व 3.825 अरब डॉलर बढ़कर 700.946 अरब डॉलर हो गया है। यह बढ़त पिछले सप्ताह की तेजी के बाद आई है। जब 3 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 9.063 अरब डॉलर बढ़कर 697.121 अरब डॉलर हो गया था। बता दें कि इस साल फरवरी के आखिर में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।  इसके बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कुछ हफ्तों तक भंडार में गिरावट आई थी, क्योंकि रुपए पर दबाव को संभालने के लिए आरबीआई को डॉलर बेचकर बाजार में दखल देना पड़ा था। आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा भंडार में इस बार बढ़त का मुख्य कारण विदेशी मुद्रा संपत्तियों (एफसीए) में वृद्धि रहा, जो कुल भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा होता है। रिपोर्टिंग सप्ताह में एफसीए 3.127 अरब डॉलर बढ़कर 555.983 अरब डॉलर हो गया। इन विदेशी मुद्रा संपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की वैल्यू में उतार-चढ़ाव का भी असर शामिल होता है।