आशा भोसले के निधन पर राष्ट्रपति और पीएम ने प्रकट किया शोक, घर पहुंचा पार्थिव शरीर

 आशा भोसले के निधन पर राष्ट्रपति और पीएम ने प्रकट किया शोक, घर पहुंचा पार्थिव शरीर
मुंबई। आशा भोसले का पार्थिव शरीर आज बीच हॉस्पिटल से उनके लोअर परेल के घर कासा ग्रांडे ले जाया गया है। कल सोमवार सुबह 11 से 3 बजे तक पार्थिव उनके घर पर ही अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल शाम 4-5 बजे दादर के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आशा भोसले के निधन पर अभिनेता संजय दत्त भी गमगीन हैं। इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने आशा भोसले और उनकी संगीत यात्रा को याद किया है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह लिखते हैं, ‘भारत की सबसे जानी-मानी और बहुमुखी आवाजों में से एक, श्रीमती आशा भोसले जी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दशकों तक फैली उनकी अनोखी संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है और दुनिया भर में अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ है। दिल को छू लेने वाली धुनों से लेकर जोशीली रचनाओं तक, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। उनके साथ हुई बातचीत की यादों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।
उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी, और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’ आशा भोसले के निधन पर हेमा मालिनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा कर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है, ‘आशा ताई अब नहीं रहीं! मुझे तो यकीन ही नहीं हो रहा कि कोई इतनी जिंदादिल इंसान, जिसने अपने गानों में इतनी जान और अंदाज भर दिया था, हमें यूं अकेला छोड़कर चली गईं। यह मेरे लिए खासकर बहुत मुश्किल है, क्योंकि आशा जी के साथ मेरा एक गहरा जज्बाती जुड़ाव था। उन्होंने अपनी अनोखी आवाज और अंदाज से मेरे कई गानों को बेहद मशहूर बना दिया था। लता जी और आशा जी, दोनों के साथ मेरा बहुत ही खास रिश्ता था। फिल्म इंडस्ट्री में मेरी कामयाबी में उन दोनों का योगदान बहुत बड़ा रहा है’।