यूपी दिवस पर अमित शाह का बड़ा बयान: योगी सरकार ने बदला उत्तर प्रदेश का चेहरा
लखनऊ। यूपी दिवस के अवसर पर लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 24 से 26 जनवरी तक आयोजित यूपी महोत्सव के कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। यूपी दिवस समारोह के लिए लखनऊ पहुंचे अमित शाह का एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद गृह मंत्री राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि 2017 से पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि उत्तर प्रदेश इस तरह बदलेगा। आज प्रदेश ग्रीन डेस्टिनेशन बन चुका है और 15 लाख करोड़ रुपये की योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि डकैती और लूट की घटनाओं में कमी आई है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में देशभक्ति की भावना जागृत हुई है।
गृह मंत्री ने कहा कि अगला साल चुनाव का साल है और प्रदेश में विकास के लिए प्रचंड बहुमत की सरकार बनानी होगी। परिवारवादी पार्टियां उत्तर प्रदेश का कल्याण नहीं कर सकतीं, यह काम केवल भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर रोक लगी है, गरीबों के लिए योजनाएं लागू हुई हैं और प्रदेश में 20 घंटे बिजली दी जा रही है। आने वाले चुनाव में हर मतदाता से जाति-पाति से ऊपर उठकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश को श्रीराम, कृष्ण, शिव और बुद्ध की धरती बताते हुए कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आकर उन्हें विशेष प्रेरणा मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह स्थल आने वाले दशकों तक देश को दिशा देने वाला केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कूड़े के पहाड़ को कंचन में बदलकर इस स्थल को विकसित किया है। सीएम युवा योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों को सम्मानित किया गया है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ऋण की व्यवस्था की गई है, जिसके तहत अब तक 1.30 लाख युवाओं को करोड़ों रुपये का ऋण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह पहल अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और प्रदेश का हर जिला रोजगार से युक्त बनेगा, जिससे युवाओं को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे अपने माता-पिता की सेवा कर सकेंगे।
अमित शाह ने बताया कि 65 एकड़ में फैले कूड़े के पहाड़ को हटाकर इस क्षेत्र को विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर साल एक लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण देने की व्यवस्था की गई है, जिससे अब तक एक लाख युवा लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना का भी जिक्र किया और कहा कि 2017 में इसे पहली बार संकल्प पत्र में शामिल किया गया था, जिसे आज देश के कई राज्य अपना रहे हैं।
अपने संबोधन की शुरुआत अमित शाह ने ‘जय श्री राम’ के जयकारे से की और ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है और उसी तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने का संकल्प किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 15 अगस्त 2047 को जब देश आजादी की सदी मनाएगा, तब उत्तर प्रदेश एक विकसित राज्य के रूप में देश का अहम स्तंभ होगा।
