मुर्शिदाबाद में भड़की हिंसा, NH-12 और रेल मार्ग जाम

 मुर्शिदाबाद में भड़की हिंसा, NH-12 और रेल मार्ग जाम
मुर्शिदाबाद। प्रवासी मजदूर की मौत और एक अन्य मजदूर पर हमले के आरोपों के बाद पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में फिर तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने NH-12 और रेल मार्ग जाम किए, तोड़फोड़ हुई और पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शनिवार को एक बार फिर तनाव भड़क उठा, जब प्रदर्शनकारियों ने बेलडांगा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया। यह विरोध एक दिन पहले हुई हिंसक घटनाओं के बाद सामने आया है, जिनके चलते राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच सड़क और रेल संपर्क घंटों तक ठप रहा था।
अब ऐसे हैं हालात?
पुलिस के अनुसार, बेलडांगा के बरुआ मोड़ पर सैकड़ों स्थानीय लोग एकत्र हुए और NH-12 पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने एक रेलवे गेट को नुकसान पहुंचाया और ट्रेन सेवाओं को बाधित करने की कोशिश भी की। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने कुछ स्थानों पर लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया, हालांकि स्थानीय लोगों ने बल प्रयोग का आरोप लगाया है।
बेरहमी से मारपीट की गई
एक और प्रवासी मजदूर के साथ मारपीट का आरोप
शनिवार को तनाव की नई वजह यह आरोप बना कि इलाके के एक और प्रवासी मजदूर अनीसुर शेख के साथ बिहार में बेरहमी से मारपीट की गई है। इस खबर से लोगों का गुस्सा फिर भड़क उठा, जो शुक्रवार की हिंसा के बाद कुछ हद तक शांत हुआ था। पुलिस ने बड़ी संख्या में बल तैनात किया, जबकि स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों व अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।