शीतलहर और पहाड़ों पर बर्फबारी से गलन और गिरा पारा
नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में शुष्क लेकिन तीखी ठंड और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी हिस्सों में घना कोहरा और प्रदूषण जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।
शीतलहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी राज्यों में शुष्क लेकिन तीखी ठंड और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी हिस्सों में घना कोहरा और प्रदूषण जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। वहीं, दक्षिण भारत और समुद्री क्षेत्रों में चक्रवातीय प्रसार के चलते गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत पर पश्चिमी विक्षोभ और उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम का असर बना हुआ है, जबकि दक्षिण में ऊपरी हवाओं की गतिविधियां सक्रिय हैं। दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरने से 5 दिन तक कोहरे का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य स्तरों में एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ (दबाव क्षेत्र) के रूप में मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में ठंडक बनी हुई है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसकी हवा की गति 120 नॉट (करीब 223 किमी.) तक पहुंच रही है। यही जेट स्ट्रीम सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ को मजबूती देती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 दिसंबर की रात से एक नया, हालांकि कमजोर, पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों के मौसम में बदलाव ला सकता है। मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने से दृश्यता काफी कम हो रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 20 दिसंबर के बीच उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है और रात की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप निकलने पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 और 18 दिसंबर को कोहरा बना रह सकता है। उत्तर प्रदेश में 17 दिसंबर को बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है, जबकि मध्य प्रदेश में 17 और 18 दिसंबर को बेहद घने कोहरे के आसार जताए हैं। हिमाचल और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में भी कोहरा हो सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। आने वाले दिनों में हवा की गति कमजोर रहने के कारण ठंड और कोहरे की स्थिति फिलहाल बनी रहने के आसार हैं।
