हिंदी दिवस 2025: भारत के अलावा इन देशों में भी बोली जाती है हिंदी

 हिंदी दिवस 2025: भारत के अलावा इन देशों में भी बोली जाती है हिंदी
नई दिल्ली। दुनियाभर में 60 करोड़ से अधिक लोग हिंदी भाषा बोलते हैं। यह विश्व की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। कई विदेशी देशों में भी हिंदी बोलने वालों की बड़ी आबादी है। हिंदी दिवस के मौके पर ऐसी ही विदेशी जगहों के बारे में जानते हैं, जहां हिंदी भाषा बोली जाती है।
हर साल 14 सितंबर को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया जाता है। 14 सितंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक दिन को सम्मान देने के लिए 1953 से हिंदी दिवस मनाया जाने लगा। राष्ट्रीय हिंदी दिवस 2025 हमें अपनी भाषा पर गर्व करने का अवसर देता है। हिंदी केवल भारत की आत्मा नहीं, बल्कि यह विदेशों में भी भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व कर रही है।
भारत के बाहर हिंदी बोले जाने वाले प्रमुख देश
नेपाल
हिंदी को नेपाल की दूसरी सबसे लोकप्रिय भाषा माना जाता है। नेपाल में लोग बेधड़क हिंदी बोलते हैं। भारत से सटे इस देश में आपको हर जगह हिंदी भाषी लोग मिल जाएंगे। नेपाल की आधिकारिक भाषा नेपाली है लेकिन यहां आसानी से मैथिली, भोजपुरी और हिंदी बोलने वाले लोग मिल जाते हैं। अगर आप ऐसी विदेश यात्रा पर जाना चाहते हैं, जहां भाषायी ज्ञान बाधा न बने तो नेपाल जाने और वहां ठहरने में परेशानी नहीं आएगी।
कनाडा
कनाडा में अंग्रेजी और फ्रांसीसी भाषा के साथ ही हिंदी भाषा भी बोली जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा में हिंदी बोलने वाले लोगों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। यहाँ हिंदी भाषी बड़ी संख्या में हैं, खासकर टोरंटो और वैंकूवर में।
फिजी
खूबसूरत द्वीप फिजी दक्षिण प्रशांत महासागर के मेलोनेशिया में स्थित है। फिजियन हिंदी यहां की आधिकारिक भाषाओं में से एक है। यहां उत्तर पूर्वी भारत के लोग बसे हैं जो बखूबी हिंदी बोलना जानते हैं। अगर आप फिजी ट्रिप पर जाने की सोच रहे हैं तो वहां धड़ल्ले से हिंदी भाषा में बात कर सकते हैं।
पाकिस्तान
1947 से पहले  भारत और पाकिस्तान एक ही देश का हिस्सा थे। हालांकि विभाजन के बाद हिंदुस्तान से अलग होकर पाकिस्तान देश बना। इसलिए पाकिस्तान में कई ऐसे मुस्लिम परिवार रहते हैं जो विभाजन के बाद भारत छोड़कर सीमा पार चले गए। इन लोगों को हिंदी बोलना भी आता है। हालांकि पाकिस्तान की आधिकारिक भाषाएं अंग्रेजी और उर्दू है लेकिन यहां पंजाबी, हिंदी, पास्तो और  बलूची भाषाएं भी बोली जाती हैं। अगर आप किसी काम से पाकिस्तान जा रहे हैं तो भी आसानी से आपकी हिंदी को वहां के लोग समझ सकते हैं।
बांग्लादेश
भारत से सटे बांग्लादेश में हिंदी भाषा के जानकार लोग मिल जाएंगे। वर्षों पहले बांग्लादेश भारत का ही अंग था। बाद में बांग्लादेश स्वतंत्र राष्ट्र बन गया। बांग्लादेश की आधिकारिक भाषा बांग्ला है लेकिन यहां हिंदी और अंग्रेजी बोलने वाले लोग भी काफी हैं। ऐसे में अगर आप बांग्लादेश जाना चाहते हैं तो हिंदी भाषा को समझने और जानने वाले लोगों से मुलाकात हो सकती है।
मॉरीशस
हर साल भारत से बड़ी संख्या में पर्यटक माॅरीशस की यात्रा करते हैं। यहां एक तिहाई लोग हिंदी भाषा बोलते हैं। भले ही अंग्रेजी और फ्रेंच मॉरीशस में संसद की आधिकारिक भाषा हैं और अधिकांश मॉरीशस के लोग मूल भाषा के रूप में क्रियोल बोलते हैं। लेकिन यहां हिंदी को स्कूलों में पढ़ाया जाता है और यह एक प्रमुख भाषा है।
संयुक्त राज्य अमेरिका
अमेरिका जैसा देश, जिसे अंग्रेजी भाषा माना जाता है, वह हिंदी भाषी लोगों का तीसरा सबसे बड़ा समूह है। अमेरिका में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी हिंदी भाषा को जीवंत बनाए हुए हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, यहां लगभग 6 लाख से ज्यादा लोग हिंदी भाषा बोलते हैं। अंग्रेजी का वर्चस्व होने के कारण लोग अपने घरों में ही हिंदी का इस्तेमाल करते हैं। अमेरिका में हिंदी 11वीं सबसे लोकप्रिय भाषा है।

यूके (ब्रिटेन)
ब्रिटेन में भारतीय समुदाय हिंदी में मीडिया, फिल्म और साहित्य से जुड़ा है। वैसे तो यूके में हिंदी आधिकारिक भाषा नहीं है लेकिन कुछ भारतीय प्रवासी और छात्र हिंदी भाषा सीखते और बोलते हैं।  ब्रिटेन में भारतीय प्रवासी की वृद्धि के साथ हिंदी का प्रचलन भी बढ़ा है।