बाढ से पहाड़ से मैदान तक हर तरफ तबाही, 500 से अधिक की मौत; हजारों करोड़ का नुकसान

 बाढ से पहाड़ से मैदान तक हर तरफ तबाही, 500 से अधिक की मौत; हजारों करोड़ का नुकसान
नई दिल्ली। मौसम ने पहाड़ से लेकर मैदानी राज्यों में भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग राज्यों में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ और तबाही में अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। जबकि हजारों करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
खराब मौसम, बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं के कारण देश के अधिकांश राज्य प्रभावित हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में अब तक 123 लोगों की जान जा चुकी है। हरियाणा में 24 से अधिक मौतों के अलावा कई एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। पहाड़ी राज्य हिमाचल में बीते ढाई माह में 360 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सरकारी आंकड़े के मुताबिक 3900 करोड़+ का नुकसान हुआ है। उत्तराखंड में भी हर तरफ तबाही का मंजर है। राज्य सरकार ने नुकसान के मुआवजे के तौर पर केंद्र सरकार से 5700 करोड़ का राहत पैकेज मांगा है। पंजाब की नदियों में उफान के बाद 1500 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
माता वैष्णो देवी यात्रा 12वें दिन भी स्थगित
उत्तर भारत, खासतौर पर पहाड़ी राज्यों में बारिश और भूस्खलन का कहर जारी है। लगातार खराब मौसम और तीर्थयात्रा मार्ग पर भूस्खलन की घटनाओं के कारण माता वैष्णो देवी यात्रा शनिवार को लगातार 12वें दिन भी स्थगित रही। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण त्रिकुटा पहाड़ियों में भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे तीर्थयात्रा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए असुरक्षित हो गया है।