भारत के फौलादी इरादों और इंजीनियरिंग कौशल का प्रतीक चिनाब ब्रिज बनेगा नया डेस्टिनेशन

 भारत के फौलादी इरादों और इंजीनियरिंग कौशल का प्रतीक चिनाब ब्रिज बनेगा नया डेस्टिनेशन
Political Trust
जम्मू -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों का सपना साकार हुआ है। ये सिर्फ पुल नहीं, भारत के फौलादी इरादों और इंजीनियरिंग कौशल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह एक हकीकत है कि जितने अच्छे काम हैं, वे मेरे लिए ही बचे रहते हैं। यह हमारी सरकार का सौभाग्य है कि इस प्रोजेक्ट को हमने अपने कार्यकाल में रफ्तार दी और इसे पूरा कर दिखाया। बीच में कोविड काल और खराब मौसम जैसी चुनौतियां थीं। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर में कई ऑल वेदर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स बन रहे हैं। जो इस संकल्प की मिसाल हैं। पीएम मोदी ने बताया कि कुछ समय पहले सोनमार्ग टनल शुरू हुई और आज उन्होंने खुद चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज से होकर यात्रा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पुलों पर चलते हुए मैंने भारत के इंजीनियरों, श्रमिकों के साहस और संकल्प को नमन किया है। चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। लोग फ्रांस के पेरिस में एफिल टावर देखने जाते हैं, लेकिन अब यह ब्रिज एफिल टावर से भी ऊंचा है। यह सिर्फ एक रेलवे पुल नहीं, बल्कि कश्मीर का नया टूरिस्ट डेस्टिनेशन भी बनेगा। लोग यहां सेल्फी पॉइंट पर जाकर इंजीनियरिंग के इस अद्भुत नमूने को निहारेंगे। प्रधानमंत्री ने इसे भारत के विकास, संकल्प और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की नई पहचान बताते हुए कहा कि यह पुल आने वाले वर्षों में टूरिज्म, कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार बनेगा।