अमित शाह ने शनिवार को राजस्थान के गंगानगर सिटी में आयोजित सहकार किसान सम्मेलन को संबोधित किया

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज शनिवार को राजस्थान के गंगानगर सिटी में आयोजित सहकार किसान सम्मेलन को संबोधित किया और जम कर कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार पर हमला बोला। वे ‘लाल डायरी’ को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी सरकार जनता के आशीर्वाद से जरूर बनेगी। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, इफ्को के चेयरमैन दिलीप संघानी , राजस्थान विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर, पार्टी के वरिष्ठ नेता किरोड़ी लाल मीणा और क्षेत्र के तीनों भाजपा सांसद उपस्थित थे।
शाह ने कहा कि 75 साल से देश के किसान अलग से सहकारिता मंत्रालय बनाने की मांग कर रहे थे लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने इसे बार-बार अनसुना किया। नरेन्द्र मोदी ने अलग से सहकारिता मंत्रालय बनाया। ये किसानों के जीवन में समृद्धि लाने वाला एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम है। प्रधानमंत्री ने विगत 9 वर्षों में ढेर सारे काम किये हैं जो देश में पहले कभी नहीं हुए।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि तीन दिन पहले ही 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर हमारा चंद्रयान – III भारत का परचम लहराते पहुंचा है। भारत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से समग्र राष्ट्र में नई ऊर्जा और नए विश्वास का संचार हुआ है। पूरी दुनिया चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँचने के लिए वर्षों से प्रयास कर रही थी। दुनिया का कोई देश वहां पहुँच नहीं पाया था। सैकड़ों वर्षों से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के बारे में रहस्य बना हुआ था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के अंतरिक्ष मिशन को नई गति दी और आज भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँचने वाला दुनिया का पहला देश बना। यह पूरे भारत के लिए गौरव की बात है। कांग्रेस की सरकारों ने अंतरिक्ष मिशन को धीमा किया।
शाह ने कहा कि मैं आज राजस्थान ‘सहकार किसान सम्मेलन’ में शामिल होने के लिए आया हूँ। मैं यहाँ राजनीति नहीं करना चाहता था लेकिन कांग्रेस ने इसमें भी तुच्छ राजनीति की है। इफ्को के चेयरमैन हमारे दिलीप संघानी भाई जरा भोले-भाले व्यक्ति हैं। इफ्को का सम्मेलन था, उन्होंने फोल्डर भेज दिया। मैंने कहा कि यह फोल्डर नहीं रखना वरना सीएम अशोक गहलोत नाराज हो जाएंगे। तब दिलीप भाई ने पूछा कि इस फोल्डर में क्या है कि वे नाराज हो जाएंगे। मैं बताता हूं कि उसमें क्या था? उस फोल्डर का कलर ‘लाल रंग’ का था। मैंने दिलीप संघानी जी को बोला कि अशोक गहलोत साहब आजकल ‘लाल डायरी’ से बहुत डरे हुए हैं। वे इसलिए डरे हुए हैं क्योंकि डायरी का रंग तो लाल है लेकिन अंदर में अशोक गहलोत सरकार के काले कारनामें छिपे हुए हैं। उसमें करोड़ों-अरबों रुपये के भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा है। मैं राजस्थान की जनता से कहना चाहता हूँ कि घर में कोई डायरी हो तो उसका कलर ‘लाल’ नहीं रखना नहीं तो अशोक गहलोत जी आप पर भी नाराज हो जाएंगे। समझ गए ना? मैं गहलोत साहब को कहने आया हूँ कि अपने चंद लोगों को भेज कर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने से कुछ नहीं होगा। यदि आप में दम हो, ज़रा सी भी शर्म आपमें बची हो तो इस्तीफा देकर ‘लाल डायरी’ को लेकर चुनाव मैदान में आइये और दो-दो हाथ हो जाने दीजिए।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने किसानों के कल्याण के लिए कुछ भी नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किसानों के लिए ढेर सारे काम किए हैं, कई क्रांतिकारी योजनाओं को इंप्लीमेंट किया है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मोदी सरकार देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को सालाना छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। कृषि ऋण और फसल बीमा योजना को बेहतर ढंग से कार्यान्वित किया गया है।