राजधानी दिल्ली में आज से जनगणना का पहला चरण शुरू,आरडब्ल्यूए को दी जिम्मेदारी  

 राजधानी दिल्ली में आज से जनगणना का पहला चरण शुरू,आरडब्ल्यूए को दी जिम्मेदारी  
Political Trust Magazine 
नई दिल्ली। आज से जनगणना का पहला चरण शुरू हो रहा है और इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। खास बात ये है कि इसमें आरडब्ल्यूए को जिम्मेदारी दी गई है, जो लोगों को स्व-गणना में मदद करेंगे। पहले चरण में घरों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी, जिसके लिए हर वार्ड में स्व-गणना कैंप लगाए जाएंगे। स्व-गणना प्रक्रिया 1 मई से 15 मई तक चलेगी। इसके बाद अधिकारी घर-घर जाकर भरी गई जानकारी की जांच करेंगे, ताकि कोई गलती न रह जाए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इन कैंपों में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लोगों को फॉर्म भरने और सवालों के जवाब देने में मदद करेंगे। मौके पर चार्ज ऑफिसर और ट्रेनिंग ले चुके फील्ड ट्रेनर भी मौजूद रहेंगे, ताकि परेशानी न हो।
डिजिटल जनगणना में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें मकान से जुड़े सात सवाल होंगे, जैसे घर की दीवार और फर्श किस चीज से बने हैं। परिवार से जुड़े आठ सवाल होंगे, जिनमें सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम और रहने के कमरों की जानकारी शामिल है।
9 सवाल बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 
जनगणना के दौरान 9 सवाल बुनियादी सुविधाओं से जुड़े होंगे। जैसे पीने का पानी, बिजली और खाना बनाने के ईंधन का प्रकार। डिजिटल सुविधाओं पर पांच सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें इंटरनेट और डिजिटल डिवाइस की जानकारी शामिल होगी। 4 सवाल वाहन और अन्य जरूरी जानकारी से जुड़े होंगे।
मुनादी और नुक्कड़ नाटक 
लोगों को जागरूक करने के लिए गली-गली मुनादी की जाएगी और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में पीटीएम के जरिये भी अभिभावकों को जनगणना के बारे में बताया जाएगा, ताकि वे घर पर सही जानकारी भर सकें और किसी तरह की दिक्कत न हो।
दोपहर में नहीं होगा फील्ड सर्वे
गर्मी देखते हुए प्रशासन ने तय किया है कि दोपहर के समय फील्ड विजिट नहीं होगी। इस दौरान जनगणना कर्मियों को आराम दिया जाएगा और लोगों को भी परेशान नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल जनगणना से प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी। साथ ही, इससे भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक डेटा मिलेगा, जिससे शहर के विकास में मदद मिलेगी।http://Politicaltrust.in