दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में गरजे पीएम मोदी, टीएमसी के गुंडों का 4 मई के बाद होगा हिसाब
आरामबाग (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के लिए आरामबाग पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि राज्य में गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं।
पीएम मोदी ने बंगाल में महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा, “टीएमसी की सरकार राज्य की बेटियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है। आज बंगाल की हर माता और बहन एक ही बात कह रही है— ‘आर नोय’ (अब और नहीं)।” उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि टीएमसी सरकार को बदलना अब समय की मांग है ताकि बंगाल की नारी शक्ति को उनका सम्मान और सुरक्षा वापस मिल सके।
जनसभा में जोश भरते हुए प्रधानमंत्री ने कड़े लहजे में कहा, “4 मई के बाद, चुनाव परिणाम आने के साथ ही टीएमसी के हर गुंडे, हर अत्याचारी और हर भ्रष्टाचारी का पूरा हिसाब होगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा।” प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद आरामबाग की रैली में मौजूद समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि विकास का पैसा लूटने वालों को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
