एनआईए ने मुख्य आरोपी प्रियंशु कश्यप के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एएनआई ने प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के पुनरुद्धार से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। एनआईए ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के निवासी प्रियंशु कश्यप उर्फ निलेश के खिलाफ यह पूरक आरोपपत्र लखनऊ स्थित विशेष एनआईए अदालत में दाखिल किया। इससे पहले इस मामले में अजय सिंघल और विशाल सिंह के खिलाफ फरवरी और नवंबर 2025 में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में माओवादी संगठन की कमजोर पड़ चुकी पकड़ को दोबारा मजबूत करने की साजिश से जुड़ा है।
एनआईए के मुताबिक प्रियंशु संगठन का सक्रिय सदस्य था और दिल्ली क्षेत्र की एरिया सेल कमेटी तथा रोहतक की सब-जोनल कमेटी का प्रभारी था। जुलाई 2025 में उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच में सामने आया कि वह वैचारिक प्रचार, भर्ती और कैडर को संगठित करने में शामिल था। वह फर्जी पहचान के जरिए भूमिगत गतिविधियां चला रहा था और प्रतिबंधित साहित्य के प्रसार में भी उसकी भूमिका पाई गई। उसके पास से संगठन से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए, जिसके आधार पर उस पर आरोप तय किए गए हैं।
