नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चीनी कंपनियों पर लगे पांच साल पुराने प्रतिबंधों को हटाने की सरकारी योजना पर गहरी नाराजगी जताई है। खरगे ने सरकार की विदेश नीति को बेकाबू पेंडुलम बताते हुए कहा कि यह अस्थिरता देश के लिए घातक है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या गलवान में शहीद हुए वीर जवानों के बलिदान को भुला दिया गया है? खरगे ने आरोप लगाया कि एक तरफ चीन को क्लीन चिट दी जा रही है, तो दूसरी तरफ उनके लिए रेड कार्पेट बिछाया जा रहा है। इसके साथ ही रूसी तेल निर्यात पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को खरगे ने आत्मसमर्पण करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय हितों और रणनीतिक स्वच्छता को ताक पर रख दिया है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।