ठंड के बीच कश्मीर-हिमाचल माइनस पर पहुंचा तापमान, और गिरेगा पारा

 ठंड के बीच कश्मीर-हिमाचल माइनस पर पहुंचा तापमान, और गिरेगा पारा
नई दिल्ली। मौसम विभाग के अनुसार 17 नवंबर की रात को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
उत्तर भारत के राज्यों तक ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। कश्मीर घाटी और हिमाचल प्रदेश में तापमान माइनस में पहुंच गया है, वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को पारा 9 डिग्री तक लुढ़क गया, जो पिछले तीन वर्षों का नवंबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। जम्मू, हरियाणा और ओडिशा में भी रात का तापमान सीजन के न्यूनतम स्तर पर पहुंच चुका है। पहाड़ों में जारी बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में सिहरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट होगी और ठंड का प्रकोप और तेज पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 17 नवंबर की रात को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन इसके गुजरते ही पारा फिर नीचे आएगा। 21 नवंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। उत्तर भारत, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम अतिरिक्त सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है।
लाहौल स्पीति में पारा माइनस 4.7 पर
हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम पारा गिरने से रातें और ठंडी हो गईं हैं। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान ऊना और पांवटा साहिब में 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में कोहरा छाया रहा। रविवार को शिमला समेत प्रदेशभर में धूप खिली रही।
ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 11 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक सप्ताह तक हिमाचल में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले 4 से 5 दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
श्रीनगर में तापमान माइनस 1.6 डिग्री
कश्मीर में श्रीनगर सहित लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री और न्यूनतम माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। काजीगुंड में अधिकतम 18.4 और न्यूनतम माइनस 2.3 डिग्री दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री तक लुढ़का, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 20 नवंबर तक कश्मीर में मौसम साफ रहने की संभावना है।