प्रदूषण के चलते दिल्ली के सरकारी और MCD दफ्तरों का टाइम बदला, सरकार का एलान; जानें टाइमिंग

 प्रदूषण के चलते दिल्ली के सरकारी और MCD दफ्तरों का टाइम बदला, सरकार का एलान; जानें टाइमिंग
नई दिल्ली। प्रदूषण के चलते दिल्ली सरकार ने सरकारी कार्यालय और नगर निगम के दफ्तर खोलने का समय बदल दिया है। 15 नवंबर से 15 फरवरी तक यह व्यवस्था लागू होगी। जिससे ट्रैफिक दबाव बांटकर पीएम 2.5 स्तर घटाने और साफ हवा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने सरकारी कार्यालयों का समय बदल दिया है। अब सर्दियों में दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक, जबकि नगर निगम के कार्यालय सुबह 8.30 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ये व्यवस्था सख्ती से लागू की जाए और ट्रैफिक व वायु गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाए।
दिल्ली सरकार के कार्यालय सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक और नगर निगम के कार्यालय सुबह 9 बजे से शाम 5.30 बजे तक खुलते हैं। केवल आधे घंटे के अंतर के कारण सुबह और शाम दोनों वक्त भारी जाम और वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जिससे पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषक तत्वों का स्तर तेजी से बढ़ जाता है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सर्दियों के मौसम में दिल्ली सरकार और नगर निगम के दफ्तरों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था 15 नवंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय का मकसद ट्रैफिक के बोझ को एक साथ सड़कों पर आने से रोकना है, जिससे वायु प्रदूषण के स्तर में कमी लाई जा सके। सरकार समस्या के बढ़ने का इंतजार नहीं कर सकती। पहले से समाधान पर काम किया जा रहा है। उम्मीद है ये कदम प्रदूषण नियंत्रण में कारगर हो।
विशेषज्ञों के सुझाव के बाद निर्णय
इस निर्णय से पहले मुख्यमंत्री ने पर्यावरण विभाग के अधिकारियों और वैज्ञानिकों से स्थिति की समीक्षा की। इसमें सुझाव आए कि सर्दियों में दफ्तरों के समय में अंतर रखने से ट्रैफिक का दबाव विभाजित होगा और सड़कों पर एक साथ वाहनों की भीड़ कम होगी। इससे वायु गुणवत्ता में भी फर्क पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ये बदलाव न केवल प्रदूषण कम करेगा, बल्कि लोगों को बेहतर और साफ हवा देगा। उम्मीद है सर्दियों में प्रदूषण से राहत मिले।