• July 17, 2026

बिहार बनेगा मखाना हब, केंद्र सरकार ने 475 करोड़ की दी सौगात : शिवराज सिंह चौहान

 बिहार बनेगा मखाना हब, केंद्र सरकार ने 475 करोड़ की दी सौगात : शिवराज सिंह चौहान

Political Trust Magazine 

पटना। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को पटना में आयोजित मखाना महोत्सव-2025 में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि बिहार आज केवल देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी मखाना उत्पादन का प्रमुख केंद्र बन चुका है। केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि मखाना प्रसंस्करण और उत्पादन के लिए आधुनिक मशीनों एवं नई किस्मों के विकास हेतु केंद्र सरकार ने लगभग 475 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मखाना बोर्ड के गठन और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के कारण बिहार में विकास की बरसात हो रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में युवाओं को विशेषकर बिहार के युवाओं को 64 हजार करोड़ रुपये की ऐतिहासिक सौगात प्रदान की गई है। आज विकसित भारत का सूरज बिहार के भाग्य पर चमक रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि मसूर, उड़द और अरहर की जितनी भी उपज होगी, उसे सरकार एमएसपी पर खरीदेगी। उन्होंने मखाना को गरीबों के लिए “अद्भुत वरदान” बताते हुए कहा कि पहले यह केवल 3 हजार हेक्टेयर में उगाया जाता था, लेकिन अब इसका रकबा बढ़कर 35 से 40 हजार हेक्टेयर तक पहुंच गया है।

उन्होंने बताया कि मखाना बोर्ड अनुसंधान, विकास, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और प्रमोशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बिहार के युवाओं से इस क्षेत्र में स्टार्टअप्स स्थापित करने की अपील करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उनका लक्ष्य है कि मखाना भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की डाइनिंग टेबल तक पहुंचे और किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने “मखाना संस्कृति से समृद्धि” रिपोर्ट का विमोचन किया। कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, मखाना उत्पादक किसान और इस क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।