एक साथ आए दिग्विजय सिंह और कमलनाथ, मप्र में कांग्रेस होगी मजबूत

 एक साथ आए दिग्विजय सिंह और कमलनाथ, मप्र में कांग्रेस होगी मजबूत
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में आज बड़ा दिलचस्प मोड़ आया है। इससे जहां कांग्रेस की बांछे खिल गईं हैं। वहीं दूसरी ओर मप्र भाजपा के माथे पर शिकन आ गई है। दरअसल मप्र कांग्रेस के दो दिग्गज नेता राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी एक साथ तस्वीर शेयर की है। दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि कमल नाथ जी और मेरे लगभग 50 वर्षों के पारिवारिक संबंध रहे हैं। हमारे राजनैतिक जीवन में उतार चढ़ाव आते रहे हैं और ये स्वाभाविक भी हैं। हमारा सारा राजनैतिक जीवन कांग्रेस में रहते हुए विचारधारा की लड़ाई एक जुट हो कर लड़ते हुए बीता है और आगे भी लड़ते रहेंगे। छोटे मोटे मतभेद रहे हैं लेकिन मनभेद कभी नहीं।”
दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “कल हमारी मुलाक़ात हुई। हम दोनों को कांग्रेस पार्टी नेतृत्व ने खूब अवसर दिए और जनता का प्यार सदैव मिलता रहा है। आगे भी हम मिल कर जनता के हित में कांग्रेस के नेतृत्व में सेवा करते रहेंगे।”
बता दें कि, मार्च 2020 में जब कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिरी थी, तब पार्टी के भीतर गहरी खींचतान रही। हाल ही में इसको लेकर दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। दिग्विजय और कमलनाथ ने एक-दूसरे को सरकार गिराने के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया था। अब दिग्विजय सिंह की पोस्ट ने संकेत दिया है कि पार्टी आने वाले समय में पुराने विवादों को पीछे छोड़कर एकजुटता की नई तस्वीर पेश करना चाहती है।