अंबानी की संपत्ति अदाणी से दोगुनी हुई, हुरुन की रिपोर्ट में ये दिग्गज भी शामिल

 अंबानी की संपत्ति अदाणी से दोगुनी हुई, हुरुन की रिपोर्ट में ये दिग्गज भी शामिल
नई दिल्ली। हुरुन-बार्कलेज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि देश के 300 सबसे मूल्यवान भारतीय परिवारों के पास 1.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (140 लाख करोड़ रुपये) से अधिक की संपत्ति है। यह देश की जीडीपी के 40 प्रतिशत से भी अधिक है। अकेले अंबानी परिवार की संपत्ति जीडीपी का 12 प्रतिशत है।
अरबपति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले अंबानी परिवार के पास 28 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है। यह अदाणी परिवार की 14.01 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति से दोगुनी से भी अधिक है। हुरुन की ओर से बार्कलेज के सहयोग से तैयार की गई एक रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि देश के 300 सबसे मूल्यवान भारतीय परिवारों के पास 1.6 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर (140 लाख करोड़ रुपये) से अधिक की संपत्ति है। यह देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 40 प्रतिशत से भी अधिक है। अकेले अंबानी परिवार की संपत्ति देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 12 प्रतिशत है।
बीते एक साल में अंबानी परिवार की संपत्ति 10 फीसदी बढ़ी
हुरुन-बार्कलेज की रिपोर्ट के अनुसार, अंबानी परिवार की संपत्ति में पिछले वर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इससे यह देश में सबसे मूल्यवान पारिवारिक व्यवसाय के रूप में अपनी रैंकिंग बरकरार रखने में सफल रहा है। वहीं दूसरी ओर, अदाणी समूह पहली पीढ़ी के उद्यमी की ओर से शुरू किया गया देश का सबसे मूल्यवान व्यवसाय है।
मंगलम बिड़ला परिवार की संपत्ति
रिपोर्ट में दिए गए, आंकड़ों के अनुसार कुमार मंगलम बिड़ला परिवार की संपत्ति पिछले साल 20 प्रतिशत बढ़कर 6.47 लाख करोड़ रुपये हो गई। वे पीढ़ी दर पीढ़ी आधार पर संपत्ति अर्जित करने वाले परिवारों की सूची में एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, जिंदल परिवार की संपत्ति भी 21 प्रतिशत बढ़कर 5.70 लाख करोड़ रुपये हो गई। देश के शीर्ष 300 परिवारों की संपत्ति एक साल में 17000 करोड़ रुपये बढ़ी
बजाज परिवार सूची में एक स्थान नीचे खिसक कर चौथे स्थान पर आ गया। उनकी संपत्ति 21 प्रतिशत घटकर 5.64 लाख करोड़ रुपये रह गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि संपत्ति के लिहाज से देश के शीर्ष 300 परिवारों ने पिछले वर्ष प्रतिदिन 7,100 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की।
हुरुन की रिपोर्ट के अनुसार, 1 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 8,700 करोड़ रुपये) से अधिक संपत्ति रखने वाले परिवारों की संख्या 37 बढ़कर 161 हो गई है। सूची में शामिल एक-चौथाई से अधिक व्यवसाय एक्सचेंजों में सूचीबद्ध नहीं हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि सूची में शामिल केवल 11 प्रतिशत व्यवसाय सेवा क्षेत्र से जुड़े। वहीं बाकि 89 प्रतिशत भौतिक उत्पाद बेचते हैं।