पांच देशों की यात्रा के बाद स्वदेश वापस लौटे पीएम मोदी

 पांच देशों की यात्रा के बाद स्वदेश वापस लौटे पीएम मोदी
 कूटनीति दृष्टि से मजबूती देने वाला दौरा
नई दिल्ली। आज पांच देशों की सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वदेश वापस आ गए है । वह दो जुलाई को घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राज़ील और नामीबिया की राजकीय यात्रा पर रवाना हुए थे। यह यात्रा वैश्विक मंच पर भारत की भागीदारी को और मजबूती देने वाली मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी देते हुए कहा, “पांच देशों – घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राज़ील और नामीबिया – की अत्यंत सफल और लाभकारी यात्रा पूरी हुई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।”
प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई, और उन्होंने सभी देशों में भारत की नीति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सहयोग को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। विशेष रूप से, नामीबिया में प्रधानमंत्री मोदी को देश की संसद को संबोधित करने का गौरव प्राप्त हुआ।
अपने संबोधन में उन्होंने भारत-नामीबिया संबंधों की ऐतिहासिक गहराई को रेखांकित किया और संस्थापक राष्ट्रपति डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि दी। मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों और जन-आधारित संबंधों पर आधारित है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत नामीबिया के साथ ‘ग्लोबल साउथ’ की एकता के प्रतीक के रूप में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर नामीबिया सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ़ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया। वह इस सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय नेता हैं।
यह यात्रा न केवल कूटनीतिक दृष्टि से बल्कि रणनीतिक, सांस्कृतिक और वैश्विक गठजोड़ों की दृष्टि से भी भारत के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।