आज से शुरू हो रहे आषाढ़ गुप्त नवरात्रि आरंभ, अपनी राशि अनुसार मां दुर्गा को ऐसे करें प्रसन्न

 आज से शुरू हो रहे आषाढ़ गुप्त नवरात्रि आरंभ, अपनी राशि अनुसार मां दुर्गा को ऐसे करें प्रसन्न
नई दिल्ली। आज 26 जून से आषाढ़ गुप्त नवरात्रि प्रारंभ हो रहे हैं। इस विशेष साधना काल में राशि अनुसार मां दुर्गा की पूजा विधि और मंत्रों से साधक को विशेष फल की प्राप्ति हो सकती है। आषाढ़ गुप्त नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना से साधक की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और रुके हुए कार्यों में सफलता मिलने के योग बनते हैं। इस अवसर पर यदि आप अपनी राशि के अनुसार देवी दुर्गा की पूजा विधि और मंत्रों का पालन करें, तो लाभ और भी अधिक बढ़ सकता है। आइए जानें, आपकी राशि के अनुसार मां दुर्गा की पूजा कैसे करें और कौन सा मंत्र आपके लिए विशेष फलदायी रहेगा।
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए आषाढ़ गुप्त नवरात्रि में मां स्कंदमाता की पूजा अत्यंत फलदायी मानी जाती है। पूजा में उन्हें लाल रंग के फूल अर्पित करें और पूरी श्रद्धा से “ॐ ह्रीं उमा देव्यै नमः”, “ॐ ऐं सरस्वत्यै नमः” या “ॐ महायोगायै नमः” मंत्र का जाप करें।
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों को इस नवरात्रि में देवी महागौरी की आराधना करनी चाहिए। मां को सफेद फूल चढ़ाकर “ॐ कारक्यै नमः” या “ॐ क्रां क्रीं क्रूं कालिका देव्यै नमः” मंत्र का जाप करें। इस दौरान ललिता सहस्रनाम का पाठ विशेष फल प्रदान करेगा और जीवन में स्थायित्व व समृद्धि लाएगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लिए मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करना उत्तम रहेगा। उन्हें पीले रंग के फूल चढ़ाएं और “ॐ दुं दुर्गायै नमः” या “ॐ घोरायै नमः” मंत्र का जाप करें। साथ ही, तारा कवच का पाठ करने से मानसिक शांति और आत्मबल में वृद्धि होगी।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों को इस पावन अवसर पर मां शैलपुत्री की उपासना करनी चाहिए। देवी को गुलाबी और सफेद रंग के पुष्प अर्पित करें और “ॐ ललिता देव्यै नमः” या “ॐ हस्त्नीयै नमः” मंत्रों का जाप करें।
सिंह राशि
सिंह राशि के लोगों को मां कूष्मांडा की आराधना करनी चाहिए। मां को नारंगी और लाल फूल अर्पित करें और “ॐ ऐं महासरस्वती देव्यै नमः” या “ॐ त्रिपुरांतकायै नमः” मंत्रों का उच्चारण करें।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए मां ब्रह्मचारिणी की पूजा विशेष रूप से शुभ मानी जाती है। देवी को पीले फूल अर्पित करें और “ॐ विश्वरूपायै नमः” या “ॐ शूल धारिणी देव्यै नमः” मंत्रों का जाप करें।
तुला राशि
तुला राशि वालों को मां महागौरी की पूजा करनी चाहिए। सफेद रंग के फूल चढ़ाकर “ॐ ह्रीं महालक्ष्म्यै नमः” या “ॐ रौद्रवेतायै नमः” मंत्रों का जाप करें। श्रीकाली चालीसा और दुर्गा सप्तशती का पाठ करने से जीवन में संतुलन और उन्नति आएगी।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों को मां स्कंदमाता की पूजा करनी चाहिए। मां को लाल रंग के फूल अर्पित करें और “ॐ शक्तिरूपायै नमः” या “ॐ क्लीं कामाख्यै नमः” मंत्रों का जाप करें। दुर्गा सप्तशती का पाठ करना अत्यंत शुभ फलदायक रहेगा और नकारात्मक ऊर्जा दूर होगी।
धनु राशि
धनु राशि के लोगों को इस नवरात्रि में मां चंद्रघंटा की उपासना करनी चाहिए। उन्हें पीले फूल अर्पित करें और “ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे” या “ॐ गजाननाय नमः” मंत्रों का जाप करें। मां की कृपा से मानसिक दृढ़ता और इच्छित कार्यों में सफलता मिलेगी।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों को मां कालरात्रि की पूजा करनी चाहिए। उन्हें लाल रंग के फूल चढ़ाएं और “ॐ सिंहमुख्यै नमः” या “ॐ पां पार्वती देव्यै नमः” मंत्रों का जाप करें। यह साधना आपके भीतर की नकारात्मकता को समाप्त कर नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए भी मां कालरात्रि की पूजा लाभदायक मानी जाती है। देवी को लाल या नीले रंग के फूल अर्पित करें और “ॐ पां पार्वती देव्यै नमः” मंत्र का जाप करें। साथ ही देवी कवच का पाठ करना आपकी रक्षा करेगा और आत्मबल बढ़ाएगा।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों को मां चंद्रघंटा की पूजा करनी चाहिए। उन्हें पीले फूल चढ़ाएं और “ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं दुर्गा देव्यै नमः” मंत्र का जाप करें। मां दुर्गा की कृपा से जीवन में समृद्धि, सफलता और शांति का आगमन होगा।