जेठ माह की निर्जला एकादशी आज, मनोकामना पूरी करने के लिए करें ये उपाय

 जेठ माह की निर्जला एकादशी आज, मनोकामना पूरी करने के लिए करें ये उपाय
नई दिल्ली। जेठ माह के शुक्ल पक्ष की निर्जला एकादशी आज 6 जून मनाई जा रही है। यह दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना को समर्पित है। इस दिन प्रभु विष्णु की उपासना करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके अलावा निर्जला एकादशी पर दान-दक्षिणा जैसे पुण्य कार्य भी किए जाते हैं।
निर्जला एकादशी पर करें ये उपाय
भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए निर्जला एकादशी पर कुछ विशेष उपाय करने मात्र से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन मां लक्ष्मी को श्रद्धा से श्रीफल अर्पित करें, फिर तुलसी के पौधे की विधिपूर्वक पूजा करें। ऐसा करने से भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है। इस दिन एक और महत्वपूर्ण उपाय यह है कि तुलसी की मंजरी (फूल) को भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित करें। मान्यता है कि इस साधारण-से दिखने वाले कार्य से भी भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं, और जीवन में सुख-समृद्धि का प्रवाह शुरू होता है। इससे पुराने कष्ट और बाधाएं भी दूर होने लगती हैं। शाम के समय, तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाएं और उसकी ग्यारह बार परिक्रमा करें। यह उपाय जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में सहायक होता है। इन सरल लेकिन प्रभावशाली उपायों को श्रद्धा और आस्था से करने पर विष्णु-लक्ष्मी की कृपा सहज ही प्राप्त हो सकती है।
निर्जला एकादशी पर घर लाएं ये तीन शुभ चीजें
सनातन धर्म में गाय को माता और कामधेनु का दर्जा दिया  है। जो सभी मनोकामनाएं पूरी करने वाली मानी जाती है। निर्जला एकादशी के दिन घर में कामधेनु गाय की मूर्ति या चित्र लाना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि आती है। तुलसी को हिंदू धर्म में पवित्र माना गया है और इसे माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। निर्जला एकादशी के दिन तुलसी का पौधा घर लाएं और इसे घर के पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा में लगाएं। इस दिन तुलसी की पूजा करें और साथ ही घी के दीपक जलाएं।
मोर पंख को सनातन धर्म में शुभ और श्रीकृष्ण का प्रतीक माना जाता है। निर्जला एकादशी के दिन मोर पंख घर लाकर इसे मंदिर में रखें। यह वास्तु दोष को दूर करता है और घर में सौहार्द बनाए रखता है।