विश्व पर्यावरण दिवस पर भारतीय रेल का बड़ा अभियान

150 टन प्लास्टिक कचरा निपटाया, 1200 स्टेशनों पर चला स्वच्छता अभियान
नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर भारतीय रेल ने “प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें” थीम पर आधारित एक पंद्रह दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया। यह अभियान 22 मई से 5 जून 2025 तक देशभर के 1200 से अधिक रेलवे स्टेशनों, 740 वर्कशॉप्स और ज़ोनल कार्यालयों में चलाया गया।
अभियान के दौरान लगभग 150 टन प्लास्टिक कचरे का सुरक्षित निपटान किया गया, जबकि 230 नुक्कड़ नाटकों, 1230 स्टेशनों पर जागरूकता पोस्टर्स, और 180 से अधिक प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा जैसी गतिविधियों के ज़रिए जन-जागरूकता को नया आयाम दिया गया।
5 जून को रेल कर्मचारियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और इस अवसर पर रेलवे की वार्षिक पर्यावरण सततता रिपोर्ट भी जारी की गई।
भारतीय रेल ने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 के लिए 750 करोड़ रुपये की पर्यावरणीय योजना को स्वीकृति दी गई है। अब तक 98% ब्रॉड गेज मार्गों का विद्युतीकरण, 3512 स्टेशनों पर सौर रूफटॉप की स्थापना, सभी परिसरों में 100% एलईडी लाइट्स, और यात्री कोचों में 100% बायो-टॉयलेट्स की स्थापना जैसे कई हरित प्रयास सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।
भारतीय रेल ने हरित परिवहन की दिशा में प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आने वाले वर्षों में और अधिक पर्यावरण हितैषी कदम उठाने का संकल्प लिया है।