अभिनय ही नहीं खूबसूरती और डांस से भी माधुरी दीक्षित ने दर्शकों का दिल जीता

 अभिनय ही नहीं खूबसूरती और डांस से भी माधुरी दीक्षित ने दर्शकों का दिल जीता
Political trust 
नई दिल्ली। आज 15 मई को बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित का जन्मदिन है। अपने अभिनय ही नहीं, खूबसूरती और डांस से माधुरी दीक्षित ने दर्शकों का दिल जीता है।
साल 1984 में राजश्री प्रोडक्शन्स की फिल्म ‘अबोध’ से अपना करियर शुरू करने वाली माधुरी दीक्षित ने कई जबर्दस्त फिल्मों में काम किया है। 90 के दशक में उन्होंने स्टारडम का शीर्ष छुआ। आज भी उनका आभामंडल बरकरार है। माधुरी दीक्षित ने यूं तो कई दमदार फिल्मों में काम किया है। उन्होंने ऐसी कई फिल्में की हैं, जो महिला किरदारों को केंद्र में रखकर बनाई गईं।
तेजाब जो कि 1988 में आई माधुरी दीक्षित की इस फिल्म में तहलका मचा दिया। इस फिल्म में माधुरी दीक्षित ने मोहिनी का किरदार निभाया। निर्देशक एन चंद्रा की फिल्म ने माधुरी की किस्मत के सितारे पलट डाले। फिल्म सुपरहिट रही। अनिल कपूर के साथ उनकी जोड़ी बनी। फिल्म में माधुरी ने मोहिनी की भूमिका निभाई है, जो एक तड़ीपार मुन्ना से प्रेम करती है। ‘तेजाब’ का म्यूजिक सुपर हिट रहा और माधुरी पर फिल्माए गए गाने, एक दो तीन, ने कामयाबी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहली बार माधुरी दीक्षित को बेस्ट एक्ट्रेस का नॉमीनेशन इसी फिल्म में मिला। फिल्म तेजाब सिनेमाघरों में 50 हफ्तों से भी ज्यादा समय तक चली।
इसके बाद माधुरी दीक्षित की आने वाली फिल्मों में
प्रेम प्रतिज्ञा (1989), साजन (1991), बेटा (1992), खलनायक (1993), हम आपके हैं कौन (1994),
मृत्युदंड (1997), दिल तो पागल है (1997) और देवदास (2002) प्रमुख रही हैं। इन फिल्मों ने रूपहले पर्दे पर डंका बजाया। शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास देवदास पर आधारित और संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित देवदास फिल्म में एक बार फिर माधुरी और शाहरुख खान साथ नजर आए। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में माधुरी ने तवायफ चंद्रमुखी का रोल किया। पारो की भूमिका में ऐश्वर्या राय नजर आईं। ‘देवदास’ को कान फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित किया गया और 2003 में इस फिल्म को ऑस्कर के सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा कैटेगरी के लिए भी भारत से नामित किया गया। देवदास को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों सहित 11 फिल्मफेयर पुरस्कार मिले।