बिहार में कितनी सीट किस दल के हिस्से आई

 बिहार में कितनी सीट किस दल के हिस्से आई

आज एनडीए के घटक दलों के बीच बिहार में सीट बंटबारे को अंतिम रूप दे दिया गया। बिहार में लोकसभा की 40 सीट है। जिसमे 17 सीटों पर भाजपा लड़ेगी।जदयू 16 सीटों पर लड़ेगी ।चिराग पासवान की पार्टी लोजपा 5 सीट पर लड़ेगी।

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोकमोर्चा 1 सीट पर लड़ेगी।

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा 1 सीट पर लड़ेगी।

सीट बंटबारे के इस फॉर्मूले का एलान दिल्ली के दीनदयाल मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय में किया गया।

सीटों की घोषणा भाजपा महासचिव विनोद तावड़े,बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी, जदयू के महासचिव संजय झा और लोजपा तथा हम पार्टी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में की गई।

खासबात यह है कि चिराग पासवान के चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपतिनाथ पारस खेमे को एक भी सीट नहीं दी गई। हाजीपुर सीट चिराग पासवान के कोटे में रखी गई है।

गौरतलब है कि हाजीपुर सीट पर पशुपतिनाथ पारस भी दावेदारी कर रहे थे। लेकिन भाजपा ने एक भी सीट नहीं दी है। हालांकि अंदरखाने यह चर्चा है कि भाजपा चिराग और पारस को एक साथ लाने की कोशिश में है और पारस का मनचाहा कोई उम्मीदवार लोजपा की टिकट पर चुनाव लड़े। हालांकि यह चर्चा भी है कि पारस, बहुत जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठजोड़ की कोशिश कर सकते हैं।

एक दिलचस्प बात यह भी है कि आज जब सीट बंटबारे की घोषणा हो रही थी तो उस प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय लोकमोर्चा का कोई पदाधिकारी मौजूद नहीं था। माना जा रहा है कि हम और रालोमो अधिक सीटों पर दावेदारी कर रहे थे जिसे भाजपा ने खारिज कर दिया। सूत्रों का कहना है कि इन दलों को अगले साल बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान अधिक सीटें दी जा सकती है और बातचीत में इस पहलू पर चर्चा के बाद ही सीटों का बंटबारा हुआ है।