बिहार के किसानों को बड़ी सौगात: 73 लाख से अधिक किसानों के खाते में पहुंचे 1,476 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
New Delhi –मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों, युवाओं, मजदूरों और महिलाओं के कल्याण के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। बिहार सरकार भी किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, बिजली एवं सिंचाई की सुविधाओं का विस्तार करने तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही बिहार की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। जैविक खेती, सौर ऊर्जा और जल प्रबंधन को बढ़ावा देकर कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम को कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन तथा उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 1,476 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए। वहीं, देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मिली।

बिहार सरकार ने अगले तीन वर्षों में दूध उत्पादन को बढ़ाकर 50 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही कृषि फीडरों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने, जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है।http://Politicaltrust.in
