आतंकी साजिशों पर डिजिटल प्रहार, 780 जिलों से जुड़ेगा एनएसजी का आईईडी सिस्टम

 आतंकी साजिशों पर डिजिटल प्रहार, 780 जिलों से जुड़ेगा एनएसजी का आईईडी सिस्टम
नई दिल्ली। देश की आंतरिक सुरक्षा को और अधिक अभेद्य बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। देश के 780 जिलों को अब नेशनल आईईडी डाटा मैनेजमेंट सिस्टम (एनआईडीएमएस) के माध्यम से एक सुरक्षित डिजिटल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की ओर से विकसित यह देश का पहला ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो बम धमाकों और आईईडी से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को एक क्लिक पर उपलब्ध कराएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में इसे लॉन्च करते हुए अगली पीढ़ी का सुरक्षा कवच करार दिया है। आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ जारी लड़ाई में यह तकनीक सुरक्षा बलों के लिए गेम चेंजर साबित होगी, जिससे जांच में सटीकता आएगी और निर्दोष नागरिकों की जान बचाई जा सकेगी। यह प्रणाली केवल एक डाटाबेस नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग से लैस एक स्मार्ट शील्ड है। इसमें वर्ष 1999 से अब तक के सभी आईईडी रिकवरी और ब्लास्ट की डिजिटल जानकारी उपलब्ध है। इस सिस्टम की मदद से सुरक्षा एजेंसियां पुराने हमलों के तरीकों का विश्लेषण कर भविष्य के खतरों का पूर्वानुमान लगा सकेंगी।